दुर्गेश साहू धमतरी। त्योहारों के मौसम में शहर के चौक-चौराहे शुभकामना संदेशों और आयोजन के पोस्टरों से सज गए हैं। इसी बीच घड़ी चौक के पास एक चाय दुकान के सामने लगे कुछ पोस्टर इन दिनों स्थानीय राजनीति को लेकर चर्चा का विषय बने हुए हैं। यहां आम नागरिकों के साथ पत्रकार, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की भी नियमित आवाजाही रहती है। एक ओर नवरात्र, दशहरा और दीपावली की शुभकामनाओं वाले बड़े पोस्टरों में महापौर रामू रोहरा की तस्वीर लगी है, वहीं इसके अगल-बगल गरबा आयोजन से जुड़े पोस्टरों में समाजसेवी पं. राजेश शर्मा की बड़ी तस्वीर नजर आ रही है। दोनों पोस्टर एक ही स्थान पर अगल-बगल लगे होने से आने-जाने वालों का ध्यान इस ओर जा रहा है। पोस्टरों का उद्देश्य त्योहार की शुभकामना और गरबा आयोजन का प्रचार बताया जा रहा है, लेकिन इन्हें लेकर शहर में अलग-अलग चर्चाएं जरूर हैं। चाय दुकान और आसपास मौजूद लोगों के बीच कोई इसे सामान्य सामाजिक-धार्मिक आयोजन से जोड़कर देख रहा है, तो कुछ लोग इसे आने वाले चुनावी समय से जोड़कर चर्चा कर रहे हैं।
कुछ लोगों की चर्चा में यह बात भी सामने आ रही है कि क्या त्योहारों और सामाजिक आयोजनों के जरिए अभी से जनता के बीच अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश हो रही है। वहीं कुछ लोग इसे भविष्य की राजनीतिक सक्रियता और संभावित दावेदारी से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं है। त्योहारों और सामाजिक आयोजनों के जरिए जनसंपर्क करना राजनीति में कोई नई बात नहीं है। ऐसे में इन पोस्टरों को लेकर लोगों के बीच कयास लगना स्वाभाविक है, लेकिन केवल पोस्टरों के आधार पर किसी नेता की चुनावी तैयारी या दावेदारी तय करना जल्दबाजी होगी। घड़ी चौक जैसे व्यस्त स्थान पर एक ही संगठन के दोनों लोगों का पोस्टर अगल-बगल नजर आने से त्योहारों की शुभकामनाओं के साथ स्थानीय राजनीति की चर्चा भी छिड़ गई है। इन पोस्टरों को लेकर शहर में चल रही चर्चाओं पर दोनों नेताओं की ओर से फिलहाल कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है।